जिले की कालाकोट सब डिवीजन के धर्मसाल पुलिस थाने के अंतर्गत पड़ने वाले सोलकी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक ट्रैक्टर चालक की मौत होने पर परिजनों ने जम कर बवाल मचाया।
जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम कालाकोट के डल्ली निवासी सुरजीत सिंह पुत्र संसार सिंह पेशे से चालक का शव सोलकी क्षेत्र में सड़क किनारे पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने इसे एक हत्या का मामला करार देते हुए पुलिस पर हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।
गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि चालक को एक सोची समझी साजिश के तहत हत्या कर सड़क किनारे फेंक दिया गया और इसे एक हादसे का शक्ल दे दी गई।
गुस्साए परिजनों ने वीरवार को शव को कालाकोट ले आए और सड़क पर रख प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लापरवाही आरोप लगाया। कई घंटों राजोरी-जम्मू सड़क मार्ग जाम कर लोग हत्या का मामला दर्ज करने की गुहार लगाते रहे।
पुलिस ने उन्हें शांत करवाने का प्रयास किया तो प्रदर्शनकारियों का गुस्सा देखते ही देखते बढ़ता गया और उन्होंने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस ने भी हवा में फायर किये और आंसू गैस के गोले दागे।
इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। वहीं मामले को हाथ से निकलता देख एएसपी नौशेरा अतुल शर्मा और एसडीपीओ नौशेरा भी कालाकोट पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच के लिए सिट का गठन करने का भरोसा दिया।
एएसपी ने भरोसा दिलाया कि सिट मामले की जांच गंभीरता से व निष्पक्ष तरीके से कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। एएसपी के आश्वासन के बाद शव का पोस्टमार्टम डाक्टरों के एक बोर्ड ने किया और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद परिवार को सौंप दिया।
पुलिस ने धर्मसाल पुलिस थाने में ओपन एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।