सुरनकोट जा रहा एक वाहन दुघर्टनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में जहां एक वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई तो वहीं छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक होने पर उसे जीएमसी रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार करीब 12 बजे सुरनकोट गुरुद्वारे के पास वाहन चालक ने अपना नियंत्रण वाहन पर से खो दिया और वाहन 50 मीटर नीचे जा गिरा। इस दौरान अब्दुल गनी निवासी गांव डोगरियां सुरनकोट ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में परवीन अख्तर (30), मोहम्मद शौकत (35) निवासी मेंढर, नगीना कौसर (25), निवासी पोठा सुरनकोट, समीना कुरैशी (18), मुसरत बेगम (45) निवासी दराबा सुरनकोट और कबीर हुसैन (40) निवासी गांव जड़ावाली गली सुरनकोट घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को उप जिला अस्पताल सुरनकोट पहुंचाया। वहीं चश्मदीदों ने बताया कि सड़क पर बर्फ और पाले से फिसलन थी। जैसे ही चालक ने वाहन को मोड़ा, वाहन हादसे का शिकार हो गया। घायलों को इलाज कर रहे डॉ. परवेज अहमद ने बताया कि एक युवती की गंभीर हालत के चलते उसे जीएमसी रेफर कर दिया गया है।