बकरीद के पावन पर्व पर रिश्तेदारों के घर कुर्बानी का मीट बांटने जा रहा एक व्यक्ति उस समय घायल हो गया, जब उसकी बाइक सड़क से फिसलकर खाई में जा गिरी।
जानकारी के अनुसार शहर के बडून क्षेत्र का निवासी गफूर अहमद दोपहर बाद करीब तीन बजे अपने घर से बाइक पर अपनी बहन के घर जाने के लिए निकला।
शहर के खांडली पुल क्षेत्र में सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देते समय वह अपना संतुलन खो बैठा और बाइक सड़क से फिसल कर खाई में जा गिरी।
इस हादसे में बाइक सवार घायल हो गया। कुछ स्थानीय लोगों ने उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में उपचार कर रहे डाक्टर ने बताया कि उसकी टांग और पैर में चोट आई है और उसकी हालत खतरे से बाहर है।