जम्मू संभाग को कश्मीर घाटी से जोड़ने वाली मुगल रोड पर रात में आवागमन रोक दिया गया है। कोहरे में दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने यह कदम उठाया है।
वाहनों की आवाजाही पर रोक लगने से शहर और थन्नामंडी इलाके में वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की समस्या उत्पन्न हो गई है। जानकारी के अनुसार, मुगल रोड स्थित पीर की गली से लेकर शोपियां तक घना कोहरा पड़ने से सड़क पर फिसलन काफी बढ़ गई है।
इससे हादसों की आशंका पर प्रशासन ने रात के समय मुगल रोड से वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। एसडीपीओ थन्नामंडी के अनुसार, रात में मुगल रोड पर यात्रा करना खतरे से भरा है। कोहरे के कारण बहुत अधिक फिसलन होने के कारण किसी भी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है।
सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक ही मुगल रोड से वाहनों को आने-जाने की अनुमति दी जा रही है।
वहीं रात के समय वाहनों की आवाजाही से शहर और थन्नामंडी में वाहनों की संख्या में इजाफा होने लगा है। जिससे बार-बार जाम की स्थिति पैदा होने से लोगों के लिए दिक्कतें बढ़ने लगी हैं।
शहर के गुज्जरमंडी, खेवरा, ऐहती और थन्नामंडी क्षेत्रों में बार-बार जाम लगने से लोगों को बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात पुलिस अधिकारी आजम हुसैन के अनुसार, मुगल रोड से कश्मीर घाटी की ओर जाने वाले सैकड़ों वाहन रात के समय राजोरी या फिर थन्नामंडी में ही रोक दिए जाते हैं।
कहीं भी कोई सार्वजनिक पार्किंग की सुविधा नहीं होने से जाम लगते हैं। बता दें कि मुगल रोड के कई स्थानों पर बर्फ गिरने से यातायात पूरी तरह से ठप हो जाता है। दिसंबर माह में अभी तक बर्फ नहीं गिरी है। जब भी बर्फ गिरेगी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो जाएगी।