नौशेरा। पंचायत डीग और कलाल में मोबाइल टावर न होने के कारण जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यहां जिओ कंपनी का टावर खड़ा तो किया गया है, लेकिन अब तक उसे शुरू नहीं किया गया।
इस संबंध में डीग के सरपंच रमेश चौधरी ने बताया कि लगभग डेढ़ वर्ष पहले कलाल क्षेत्र में जिओ कंपनी का मोबाइल टावर लगाया गया था। टावर पूरी तरह से तैयार है, लेकिन अब तक उसको शुरू नहीं किया गया। कोरोना काल में ग्रामीण न तो एक दूसरे से हाल पूछ सकते हैं और न ही बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई कर सकते हैं। लगभग 12 किलोमीटर दूर जाकर लोग फोन पर बात करके एक दूसरे का हाल जानते हैं और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से बचाने के लिए लोग सिग्नल वाले क्षेत्रों में जाकर किराए के कमरों में रह रहे हैं।
रमेश ने एक बैठक में जिलाधिकारी राजेश कुमार शवन तथा जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मांग की है कि टावर को जल्द शुरू कराया जाए ताकि लोग राहत की सांस ले सकें। नहीं तो जनता सड़क पर उतरने के लिए मजबूर हो जाएगी। इस मौके पर गांव के देवराज चौधरी, सुरजीत प्रकाश, मदन लाल, गोविंद सिंह, उषा देवी, सोमा देवी, आदि लोग मौजूद रहे।