राजोरी में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद पंच-सरपंच व अन्य।
राजोरी। पंचायतों की समस्याओं से रूबरू होने को शुरू किए गए जन अभियान कार्यक्रम के तहत कालाकोट सामुदायिक केंद्र में बुधवार को दूसरा कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें कालाकोट मोगला ब्लॉक के सरपंचों ने भाग लेकर अपनी-अपनी पंचायत की समस्याओं और मुद्दों को अधिकारियों के समक्ष उजागर किया। कार्यक्रम में विभिन्न 21 विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सरपंचों ने पंचायत के विकास व अधर में लटकी कई समस्याएं अधिकारियों को बताकर उनसे रूबरू कराया।
सरपंच जुंग घड़ियाल ईस्ट मास्टर केवल शर्मा ने पंचायत की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि केशगढ़ स्वास्थ्य केंद्र 15 साल से किराए की कच्ची इमारत में चल रहा है। हमारी मांग है कि स्वास्थ्य केंद्र की एक इमारत दी जाए। उन्होंने कहा कि मोगला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मात्र एक डॉक्टर के सहारे चल रहा है। इसमें अन्य स्टाफ की पूर्ति की जाए। कोयला खदान मजदूरों की दिहाड़ी बढ़ाने की मांग के अलावा उनकी जायज मांगे भी जल्द पूरी करने की मांग को जोर-शोर से उठाया। इसके अलावा उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे को भी उठाते हुए क्षेत्र में सीमेंट फैक्ट्री या अन्य किसी उद्योग को बढ़ावा देने की मांग की। सरपंच डाली रंजीत सिंह ने भी पंचायत में चल रही समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पीएमजीएसवाई के तहत सड़कों का बुरा हाल है। इनकी जल्द मरम्मत होनी चाहिए। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना से जो लोग वंचित हैं, उन्हें जल्द इस योजना में लाकर लाभ दिया जाए। एडीसी ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को लेकर जल्द ही ठोस कदम उठाए जाएंगे।