सुंदरबनी। वर्षों से अपनी नौकरी को पक्का करने की मांग कर रहे जलशक्ति विभाग के अस्थायी कर्मचारी 25 सितंबर से स्थायी करने, पांच वर्ष का बकाया वेतन देने की मांग के लिए काम छोड़ हड़ताल पर जा रहे हैं। इसके दौरान 72 घंट तक विभाग में कार्यरत अस्थायी सीपी, आईटीआई ट्रेंड नीडबेस कर्मचारी काम छोड़ हड़ताल पर रहेंगे।
इस संबंध में विभाग के सीपी नीडबेस कर्मचारी संघ के प्रधान प्रेम कुमार ने बताया कि जलशक्ति विभाग में कार्यरत सीपी, नीडबेस आईटीआई ट्रेंड कर्मचारी 15 से 20 वर्ष से काम कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से आज तक उन्हें पक्का करने की कोई ठोस नीति नहीं बनाई गई है। उन्होंने कहा कि विभाग में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों से स्थायी कर्मचारियों से भी ज्यादा काम लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें वेतन मात्र 6750 रुपये दिए जा रहे हैं, लेकिन वह भी दो तीन माह के बाद एक माह का देकर बाकी के माह का बकाया रख दिया जाता है। उन्होंने कहा कि एक तो उन्हें वेतन इतना कम और काम उनसे दिन रात लिया जा रहा है। अगर वह किसी अधिकारी से नियमित हर माह वेतन की मांग करते हैं तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी देकर धमकाया जाता है। इस कारण मजबूर होकर अब जल शक्ति विभाग के सभी अस्थायी कर्मचारी इंसाफ के लिए 25 सितंबर से सड़क पर उतर रहे हैं।