संवाद न्यूज एजेंसी
नौशेरा/राजोरी। दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से कालाकोट स्थित स्पोर्ट्स ग्राउंड में आयोजित श्रीराम कथा में आशुतोष महाराज की शिष्या साध्वी गरिमा भारती ने प्रभु श्रीराम जन्म प्रसंग प्रस्तुत किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जन्म ही नहीं, बल्कि उनका पूरा जीवन मानव उत्थान के लिए हैं।
गरिमा भारती ने कहा कि महाराज दशरथ जब पुत्र की इच्छा लेकर गुरुदेव वशिष्ठ के पास जाते हैं, तो वशिष्ठ उन्हें चार पुत्र रत्न प्राप्ति का वरदान देते हैं। अयोध्या नगरी में प्रभु श्रीराम का प्राकट्य संकेत करता है कि हम अपने अंतर्गत में प्रभु श्रीराम को प्रकट करें। आवश्यकता है एक ऐसे सद्गुरु की, जिसके माध्यम से हम अपने अंतर्गत में उस प्रभु श्रीराम के ज्योति स्वरूप का साक्षात्कार कर पाएं। प्रभु श्री राम ने जन्म लेकर न केवल महाराज दशरथ व महारानी कौशल्या को धन्य किया, बल्कि इस धरा पर प्रभु श्रीराम के आने का उद्देश्य प्रत्येक जीवात्मा के अंतर्गत में बैठे उसे निराकार परमात्मा से मानव को अवगत करवाना है।
इस समाज को सुव्यवस्थित व सुंदर बनाने के लिए हम सभी अपना सहयोग प्रदान कर मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम से प्रेरणा लेकर अपने जीवन को जीएं। कथा का समापन आरती के साथ किया गया। कार्यक्रम के दौरान विशेष तौर पर ठाकुर रणधीर सिंह विधायक कालाकोट सुंदरबनी, सुचेतानंद, महेश्वरानंद, विजय श्री पूर्व अध्यक्ष म्युनिसिपल कमेटी कालाकोट, मानिक सिंह राठौड़ तहसीलदार कालाकोट, सरदारी लाल जनरल सेक्रेटरी बीजेपी, पंडित रामपाल मंडल प्रधान बीजेपी कालाकोट, सुरेंद्र शर्मा, हरदेव कुमार वेद व्यापार मंडल प्रधान कालाकोट उपस्थित रहे।