एक माह से सरकारी प्राइमरी स्कूल पर लटक रहे ताले से गुस्साए अभिभावकों ने वीरवार को शिक्षा विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। मामला शहर से केवल सात किलोमीटर दूर डन्ना फतेहपुर क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पिछले एक महीने से स्कूल को नहीं खोला गया। हर रोज बच्चे स्कूल जाते हैं, लेकिन लटक रहा ताला देख कर घर लौट आते हैं।
बार-बार शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास शिकायत करने के बाद भी जब किसी ने स्कूल खोलने पर कोई कार्रवाई नहीं की तो मजबूर होकर लोगों ने प्रदर्शन का सहारा लिया।
इस संबंध में सीईओ ने जांच का निर्देश दे दिया है।अभिभावकों ने बताया कि सरकारी स्कूल में करीब 60 बच्चे पढ़ते हैं और तीन शिक्षक नियुक्त किए गए हैं।
लेकिन एक माह से एक भी शिक्षक स्कूल नहीं आया। अभिभावक लियाकत अली, मोहम्मद युसूफ, मोहम्मद शकील, रियाज अहमद आदि ने बताया कि कई बार इस बात की शिकायत जेडईओ और सीईओ से की गई, लेकिन हर बार उन्होंने स्कूल बंद रहने के पीछे कारणों की जांच कर स्कूल खोलने का भरोसा दिलाया था।
लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी किसी अधिकारी ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन में स्कूल नहीं खोला गया तो अभिभावक बच्चों को साथ लेकर डीसी कार्यालय में भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे।
इस संबंध में राजोरी के मुख्य शिक्षा अधिकारी अब्दुल हमीद फानी ने बताया कि स्कूल में दो शिक्षक नियुक्त किए गए हैं और एक पद रिक्त पड़ा है।
एक शिक्षक अनुमति से छुट्टी पर चले जाने के बाद एक अन्य शिक्षक को वहां अटैच किया गया था। कुछ दिन पहले राज्यपाल द्वारा सभी अटैचमेंट को खत्म करने के निर्देश के बाद अटैच शिक्षक को वापस उसके स्कूल भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि अब स्कूल बंद नहीं होगा। और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।