कठुआ जिले के राजबाग पुलिस थाने पर शुक्रवार को आतंकी हमले के बाद राजोरी-पुंछ जिलों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा पर अपने जवानों को पहले से ज्यादा सतर्क कर दिया है। पुलिस ने भी शहर में गश्त में तेजी लाई है।
पुलिस ने सीआईडी विंग को भी अलर्ट कर दिया है। राजोरी-पुंछ के नियंत्रण रेखा पर सेना ने किसी प्रकार की घुसपैठ के प्रयास को विफल बनाने के लिए पहले से भी अधिक चौकसी बरतनी शुरू कर दी है।
खुफिया एजेंसियों के सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों सीमावर्ती जिलों में एलओसी के उस पार भारी संख्या में पाक ट्रेंड आतंकवादी घुसपैठ के लिए तैयार बैठे हैं।
पिछले कुछ दिनों से एलओसी के उस पार मूवमेंट में भी पहले से अधिक तेजी देखे जाने की बात कहते हुए सूत्रों ने बताया कि उस पार से आतंकवादियों को किसी भी हाल में घुसपैठ करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
कठुआ से घुसपैठ में सफल होने के बाद अब आतंकवादी, उस पार बैठे आईएसआई अधिकारी व आतंकियों के आकाओं के हौसले अब बढ़ गए हैं।
वह घुसपैठ के लिए अगला क्षेत्र राजोरी के नौशेरा या गंभीरमुगलां व पुंछ के मंडी, बालाकोट, साब्जियां व चक्कां दा बाग को चुन सकते हैं।
इन क्षेत्रों में उस पार बढ़ी हलचल के बाद सेना और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस संबंध में राजोरी में सेना के उच्च अधिकारी ने बताया कि सेना पहले से ही काफी सतर्क है।
कठुआ में हुए हमले के बाद सेना ने हाई अलर्ट जारी करते हुए अपने जवानों को पहले से अधिक अलर्ट होने के निर्देश जारी किए हैं।
इस संबंध में राजोरी-पुंछ रेंज के डीआईजी पुलिस ने कहा कि पुलिस पहले भी सतर्क ही है। जबकि डीएसपी ऑपरेशन ने बताया कि पुलिस के एसओजी विंग ने अपने गश्त पहले से बढ़ा दी है। विशेष कर रात के समय एसओजी नियंत्रण रेखा के पास सटे गांवों में कड़ी नजर रखे हुए है।