कोटरंका पुलिस थाने के अंतर्गत अपहृत युवती को रियासी की मोहर तहसील के कुंडरदान गांव से बरामद कर अपहरणकर्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार अपहृत युवती के पिता ने कोटरंका पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाते हुए बताया था कि उनके बेटी सुबह किसी काम से बाजार गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अपने स्तर पर तलाश करने पर परिवार को मालूम हुआ कि उसे आखिरी बार कोटरंका के ही जगलानू क्षेत्र के एक युवक मुश्ताक अहमद के साथ देखा गया था।
पिता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उक्त युवक पहले भी उनकी बेटी को परेशान किया करता था। एसएसपी राजोरी राजेश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस थाना कोटरंका को कड़े निर्देश जारी किए गए थे कि वे जल्द से जल्द युवती को बरामद करें। एसएचओ ने आरोपी के कुछ दोस्तों व परिवार वालों से कड़ी पूछताछ करने के साथ ही उनके मोबाइल फोन को सर्विलांस पर रखा था।
पुलिस को पता चला कि अपहरणकर्ता युवती के साथ मोहर तहसील के कुंडरदान क्षेत्र में कहीं है। पुलिस की विशेष टीम ने उक्त क्षेत्र में छापेमारी कर युवती को बरामद कर आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जिला अस्पताल में युवती की मेडिकल जांच करवाने के बाद उसे परिवार को सौंप दिया, जबकि आरोपी युवक को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर ले लिया है।