राजोरी। तहसील कार्यालय में एसटी-2 प्रमाण पत्र (पहाड़ी जातीय समूह) आवेदकों ने देरी पर गहरी चिंता व्यक्त की है। जम्मू-कश्मीर पहाड़ी यूथ एसोसिएशन (जेकेपीवाईए) ने आरोप लगाया कि शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक लाभों के लिए एसटी-2 प्रमाण पत्र की जरूरत वाले लोग रोजाना तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। मगर तहसील कार्यालय प्रक्रिया में देरी के कारण उनका समय बर्बाद हो रहा है।
जेकेपीवाईए ने आरोप लगाया कि कोटेधरा गांव निवासी ने एसटी-2 प्रमाण पत्र जारी करने के लिए 3 जुलाई 2024 को तहसील कार्यालय में आवेदन किया था, लेकिन आज तक यह प्रमाण पत्र जारी नहीं हुआ है।
जेकेपीवाईए के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिन लोगों ने पिछले छह महीनों से आवेदन किया है, वे अपने सही दस्तावेज प्राप्त करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। प्रतिदिन लोग निराश होकर लौट रहे हैं। कई आवेदक शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यक लाभों के लिए दस्तावेजों पर निर्भर हैं। अधिकारियों को इस मुद्दे को हल करने के लिए तत्काल कदम उठाने चाहिए। जेकेपीवाईए ने कहा कि हमने लंबित आवेदनों के स्क्रीन शॉट भी प्राप्त किए हैं, जो स्थिति की गंभीरता को और उजागर करते हैं। जेकेपीवाईए ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। संवाद