राजोरी। जिले में चल रही इंटर जोनल जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के तहत सोमवार को अंडर-17 बालिका वर्ग की बैडमिंटन, टेबल टेनिस और योगा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं में जिले के विभिन्न जोन से आई छात्राओं ने पूरे उत्साह, खेल भावना और अनुशासन के साथ भाग लिया। बैडमिंटन सिंगल्स मुकाबले में जोन लोअर हथल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोन सुंदरबनी को रोमांचक मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं बैडमिंटन डबल्स प्रतियोगिता में जोन सुंदरबनी की टीम ने बेहतरीन तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जोन बलजरालां को पराजित कर जीत हासिल की।
टेबल टेनिस प्रतियोगिता में जोन मंजाकोट की छात्राओं ने अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा और शानदार खेल कौशल का परिचय देते हुए जोन सुंदरबनी को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा योगा प्रतियोगिता में भी छात्राओं ने अनुशासन, एकाग्रता और शारीरिक दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।
प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा सेवा एवं खेल विभाग की तरफ से आयुक्त सचिव युवा सेवा एवं खेल डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के उनके प्रयासों की प्रतिभागियों एवं अधिकारियों ने सराहना की।