राजोरी। अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त रवि कुमार सिहाग ने जिले में जनगणना-2027 के तहत चल रही प्री-सेंसस गतिविधियों एवं स्व-गणना प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की। इस संबंध में आयोजित बैठक में जिला अधिकारियों, इंचार्ज सेंसस अधिकारियों, ब्लॉक विकास अधिकारियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान एडीसी ने 17 मई से सरकारी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं आम जनता द्वारा किए जा रहे स्व-गणना कार्य की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने प्री-सेंसस गतिविधियों की स्थिति के साथ-साथ विभिन्न चार्ज स्तरों पर चलाए जा रहे प्रचार-प्रसार, जागरूकता एवं आईईसी अभियानों की भी समीक्षा की ताकि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। एडीसी रवि कुमार सिहाग ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और संयुक्त प्रयास बेहद आवश्यक हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जागरूकता अभियानों को और तेज किया जाए तथा लोगों को स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों से यह भी कहा कि सभी सौंपे गए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और जनगणना-2027 से जुड़ी गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय बनाए रखा जाए।
बैठक में एडीसी सुंदरबनी रामकेश शर्मा, एडीसी नौशेरा प्रीतम लाल थापा, एडीसी कालाकोट मोहम्मद तनवीर, एसीआर मोहम्मद जहांगीर खान, एसडीएम थन्नामंडी आबिद हुसैन शाह, डीएसईओ संदीप शर्मा, डीएसएचओ पीपी सगोत्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।