राजोरी। राजोेरी में युवा सेवा एवं खेल विभाग की तरफ से इंटर-जोनल जिला स्तरीय अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक एवं बालिका प्रतियोगिताओं के मुकाबले जारी हैं।
अंडर-17 बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में जोन राजोेरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जोन पीरी को 32-8 के बड़े अंतर से पराजित किया। क्रिस्टी देवी को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए “प्लेयर ऑफ द मैच” घोषित किया गया जबकि हलीमा अख्तर को पूरे टूर्नामेंट में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के चलते “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” का खिताब मिला।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता में जोन मंजाकोट ने बेहतरीन तालमेल और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जोन बलजराल्लां को 2-0 से हराया। सोनिबर कौसर ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए “प्लेयर ऑफ द मैच” और “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” दोनों पुरस्कार अपने नाम किए।
खो-खो मुकाबले में भी जोन मंजाकोट का दबदबा देखने को मिला जहां टीम ने जोन कोटरंका को 7 अंकों से हराया। रोज़िया कौसर को “प्लेयर ऑफ द मैच” चुना गया, जबकि राबिया कौसर को पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट योगदान के लिए “प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट” घोषित किया गया।
वहीं हॉकी प्रतियोगिताओं में जोन नौशेरा ने बालक और बालिका दोनों वर्गों तथा सभी आयु वर्गों में जीत हासिल कर क्षेत्र में खेल के प्रति बढ़ती प्रतिभा और समर्पण का परिचय दिया।