राजोरी। राजोेरी-कालाकोट सड़क मार्ग स्थित बली क्षेत्र में सोमवार को एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से कार चालक रिटायर्ड शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार कालाकोट निवासी 65 वर्षीय रिटायर्ड सरकारी शिक्षक मोहम्मद राशिद अपनी कार में कालाकोट से राजोेरी की ओर आ रहे थे। जब उनकी कार कालाकोट के बली क्षेत्र में पहुंची तो एक मोड़ पर सामने से आ रहे एक वाहन को रास्ता देते समय चालक अपना संतुलन खो बैठा। कार करीब डेढ़ सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए और सरकारी रिटायर्ड शिक्षक मोहम्मद रशीद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और अपने स्तर पर रिटायर्ड शिक्षक को कालाकोट के सरकारी अस्पताल शिफ्ट किया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत लाया घोषित कर दिया। वही शव का पोस्टमार्टम करने और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को परिवार के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए अपनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।