राजोेरी। दूरदराज के इलाकों के लोगों की समस्याओं के हल के लिए आउटरीच पहल के तहत डीआईजी राजोेरी-पुंछ रेंज तेजिंदर सिंह ने कालाकोट उपखंड के थाना हरिछम्मा का दौरा किया। उनके साथ डिप्टी कमिश्नर राजोेरी अभिषेक शर्मा और एसएसपी राजोेरी गौरव सिकरवार भी थे।
वरिष्ठ अधिकारियों ने सरकारी हाई स्कूल थन्ना में शिकायत निवारण शिविर लगाया। यहां उन्होंने स्थानीय निवासियों की समस्याओं और मांगों को सुना। शिविर में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, पेयजल, बिजली आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित अपनी चिंताओं को उठाया।
डीआईजी तेजिंदर सिंह ने दूरदराज और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस की प्रतिबद्धता को दोहराया। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने और सौहार्द को बढ़ावा देने के लिए जनता और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच घनिष्ठ समन्वय बनाए रखने के महत्व पर बल दिया।
उपायुक्त ने जनता की शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुना और कई मुद्दों के निवारण के लिए संबंधित विभागों को मौके पर ही निर्देश जारी किए। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी जायज मांगों को समयबद्ध समाधान के लिए उपयुक्त अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। एसएसपी ने सामुदायिक पुलिसिंग के महत्व पर प्रकाश डाला और युवाओं को नशे और राष्ट्र विरोधी तत्वों से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने क्षेत्र में की जा रही विभिन्न सुरक्षा संबंधी पहलों के बारे में भी जनता को जानकारी दी। एडीसी कालाकोट तनवीर अहमद ने शिविर की कार्यवाही का समन्वय किया और स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि उनकी चिंताओं का गंभीरता से पालन किया जाएगा।