बुद्धल के मर्ग टॉप पर पड़ी बर्फ।
- फोटो : rajori news
राजोरी। जिले के मैदानी इलाकों में बुधवार दोपहर बाद बारिश और पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी हुई। बारिश से जहां एक तरफ आम जन जीवन प्रभावित हुआ, वहीं तापमान गिरने से जून के माह में भी जनवरी जैसी सर्दी का अहसास हो रहा है।
शहर में सुबह से ही आसमान पर बादल छाए हुए थे। दोपह करीब 3 बजे तेज़ बारिश शुरू हो गई। बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत हुई। वहीं, जिले के पहाड़ी इलाकों में तेज़ बारिश के साथ ओले गिरने और पीर पंजाल के ऊंचे पहाड़ों पर ताजा बर्फबारी होने की सूचना है।
बुद्धल, कोटरंका, थन्नामंडी और दरहाल आदी क्षेत्रों में बारिश के साथ ओले गिरने से जन जीवन अस्त व्यस्त हुआ है। पहाड़ी इलाकों में बिजली गुल है और सर्दी का प्रकोप बढ़ा है। पीर पंजाल रेंज के तहत आते बुद्धल के मर्ग टॉप ढोक में बर्फबारी से बकरवाल समुदाय के उन लोगो को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जो गर्मी के मौसम मे अपने पशुओं को लेकर पहाड़ी इलाकों में ढोकोें की ओर जाते हैं।
बारिश और बर्फबारी से गिरे तापमान के चलते राजोरी शहर और आसपास के क्षेत्रों में पंखे बंद हैं। सर्दी से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े पहन रहे हैं। बाबा गुलाम शाह बादशाह विवि के मौसम विभाग के अनुसार राजोरी में बुधवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री रहा। रात के पारे में और भी गिरावट आने की संभावना है। पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते सर्द हवाएं राजोरी की तरफ आ रही हैं। मंगलवार को राजोरी का अधिकतम तापमान 25 डिग्री था, लेकिन बुधवार को बारिश से 4 डिग्री पारा लुढ़क गया है।