राजोरी। राजोरी के बुद्धल में शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में किशोरी सोनिया अख्तर पुत्री अब्दुल गफूर की मौत से भड़के लोगों ने राजोरी-बुद्धल मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया।
परिजन और अन्य लोगों ने शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। इसे हत्या बताकर निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रमुख स्थानीय नेका नेता वकार लोन, पूर्व सरपंच फारूक इंकलाबी, भाजपा जिला महासचिव मंज़ूर नाइक ने 16 वर्षीय लड़की की दुखद और संदिग्ध मौत पर गंभीर चिंता व्यक्त की। इस घटना को बेहद परेशान करने वाला बताया। पुलिस से तत्काल, पारदर्शी कार्रवाई की मांग की है। परिवार के मुताबिक उनकी बेटी की हत्या की गई है। पुलिस प्रशासन निष्पक्ष जांच करे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया कि पोस्टमार्टम के साथ साथ अन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सच भी सामने आएगा और तब तक पुलिस अपनी छानबीन जारी रखेगी।
कहा, यदि यह हत्या है तो इस में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन ने शव को सुपुर्द ए खाक किया।