राजोरी। जिला विकास आयुक्त (डीडीसी) अभिषेक शर्मा ने मंगलवार को जिले में तैनात सभी सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी पर उपस्थित होने और आवश्यकता पड़ने पर काम के लिए उपलब्ध रहने का आदेश दिया है। कर्मचारियों को आधिकारिक संचार के लिए अपने मोबाइल फोन को हर समय चालू रखने को कहा गया है। आदेशों में कहा गया कि अगर कोई भी सरकारी कर्मचारी बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित पाया गया या अपने मोबाइल फोन को बंद रखा तो उसे सेवा नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
सभी जिला और क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने कर्मचारियों द्वारा निर्देश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। हाल ही में पाकिस्तान मे आतंकी ठिकानो पर भारत के हमले के जवाब मे पाकिस्तान सेना द्वारा राजोरी में रिहायशी इलाकों को निशांना बनाने से पैदा हुए हालात को देखते हुए यह मजबूत प्रशासनिक कदम उठाया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक सेवाओं को बनाए रखने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सरकारी कर्मियों की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। वहीं जिला प्रशासन के सूत्रों ने बताया कि आने वाले दिनों में कुछ विशेष टीमें गठित कर सरकारी कार्यालयोें में कर्मियों की उपलब्धता की जांच के लिए औचक निरीक्षण किए जाएंगे। लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।