राजोरी। पंचायत बेईनंबल के वार्ड नंबर 5 मोड़ा चकली स्थित सरकारी मिडल स्कूल के भवन की छत का एक भाग बारिश के चलते ढह गया। दीवारों में भी दरारें पड़ गईं। हादसा बुधवार शाम को हुआ जब स्कूल में छुट्टी थी। इससे बड़ा हादसा टल गया।
क्षेत्र के पूर्व सरपंच चौधरी मोहम्मद इक़बाल ने बताया कि स्कूल भवन के 3 कमरों का निर्माण वर्ष 2004-05 में किया गया था। उसके बाद इसके रख रखाव पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कड़ा रोष प्रकट करते हुए बताया कि भवन निर्माण में हल्की गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग किया गया। निर्माण के दो दशक बाद भवन की छत का एक हिस्सा गिर गया।
पूर्व सरपंच ने बताया कि यदि ऐसा हादसा स्कूल के समय होता तो कोई अनहोनी घटना घट सकती थी। अब बच्चे स्कूल मे बैठ भी नहीं सकते। मिडिल स्कूल मे 85 विद्यार्थी और 2 शिक्षक हैं। भवन न होने के कारण अब बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह से प्रभावित होंगी। वीरवार को कक्षाएं किसी स्थानीय निवासी के घर पर लगाई गई। वीरवार को बच्चे भी कम ही पहुंचे।
पूर्व सरपंच और गांव के अन्य लोगो ने शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक जावेद इक़बाल से भवन की मरम्मत के लिए जल्द फंड जारी करने की अपील की।
जोनल एजुकेशन अधिकारी अब्दुल रशीद ने बताया कि बच्चों का नुकसान न हो इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को वह क्षेत्र का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि विभाग के उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है। जल्द ही फंड जारी करने की मांग की है।