आरोपी शिक्षक जगदीश कुमार ग्रेड-III का कर्मचारी
राजोरी। शराब पीकर स्कूल आने के आरोपी शिक्षक को मुख्य शिक्षा अधिकारी ने निलंबित कर दिया है। आरोपी शिक्षक जगदीश कुमार शिक्षक ग्रेड-III का कर्मचारी है। सीईओ मोहम्मद हाफिज शेख ने बताया कि शिक्षक जगदीश कुमार के खिलाफ आरोपों के संबंध में एक रिपोर्ट मिली थी।
रिपोर्ट के अनुसार गत 18 फरवरी को सरकारी प्राइमरी स्कूल लांझर के आधिकारिक निरीक्षण के दौरान शिक्षक को कार्य समय के दौरान स्कूल परिसर में नशे की हालत में पाया गया था। शिक्षक के खिलाफ इससे पहले भी स्कूल के समय के दौरान कर्तव्य से अनुपस्थिति और शराब के सेवन के संबंध में शिकायतें मिलती रही हैं और उक्त शिक्षक से स्पष्टीकरण देने के लिए एक नोटिस जारी किया गया था लेकिन उनके व्यवहार में कोई संतोषजनक सुधार नहीं देखा गया है। इसके अलावा स्कूल के कर्मचारियों, बच्चों के अभिभावकों और आम जनता से भी उक्त शिक्षक के खिलाफ शिकायतें मिली हैं। सीईओ ने जगदीश कुमार शिक्षक ग्रेड-III सरकारी प्राइमरी स्कूल लांझर जोन मौघला को विभागीय जांच लंबित रहने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन की अवधि के दौरान शिक्षक जोनल शिक्षा अधिकारी ख्वास के कार्यालय से अटैच रहेंगे। उन्हें नियमों के अनुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।