राजोेरी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह के लिए समोट स्थित भारतीय सेना ने एक अनूठी पहल की है। उन्होंने वीरवार से बुद्धल में बच्चों के लिए योग पर चार दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया है, जो 21 जून यानी योग दिवस तक जारी रहेगा। इस कार्यशाला का उद्देश्य इस कोरोना काल जैसे मुश्किल समय में बच्चों को योग का महत्व समझाना है।
इस अवसर पर सैन्य अधिकारियों ने बच्चों को संबोधित करते हुए बताया कि जब श्वास लेते हैं, तो ईश्वर से शक्ति ले रहे होते हैं, और जब सांस छोड़ते हैं, तो यह दुनिया के लिए व्यक्ति का योगदान हैं। इसलिए, योग का अभ्यास करना चाहिए और इसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। योग पर कार्यशाला में कुल 20 बच्चे भाग ले रहे हैं। कार्यशाला के दौरान बच्चों को विभिन्न आसनों से परिचित कराया जाएगा, जिसमें सूर्य नमस्कार और श्वास के विभिन्न अभ्यास शामिल हैं। योग सीखने के दौरान बच्चे काफी उत्साह दिखा रहे हैं।