पुलिस थाने में औचक निरीक्षण करने पहुंचे राजोरी के जिला मजिस्ट्रेट और जिला उपायुक्त राजेश कुमार शवन को थाने के भीतर जाने के लिए गेट पर डेढ़ घंटा इंतजार करना पड़ा। यह घटना शनिवार शाम की है। डीसी के साथ अतिरिक्त उपायुक्त और एसीआर भी मौजूद थे। बाद में अतिरिक्त एसपी ने मौके पर पहुंचकर जिला उपायुक्त को थाने में प्रवेश दिलाया।
घटनाक्रम के पीछे माजरा क्या था, इसे लेकर कयास लगाए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस ने दावा किया है कि अधिकारी ड्यूटी पर अलग-अलग जगह पर थे। डीसी कुछ देर से थाने में जरूर गए लेकिन पुलिस की सराहना करके लौटे। उपायुक्त राजेश कुमार शवन शनिवार शाम करीब 7.00 बजे थाने का निरीक्षण करने पहुंच गए, लेकिन उन्हें राजोरी थाने में निरीक्षण के लिए जाने नहीं दिया गया।
मौके पर कुछ लोग भी जमा गए, इससे खबर अन्य लोगों तक पहुंच गई। करीब डेढ़ घंटे बाद एडिशनल एसपी विवेक शेखर शर्मा मौके पर पहुंचे और उपायुक्त को अपने साथ थाने के अंदर ले गए। कुछ जानकारों ने बताया कि एसएचओ ने डीसी को रोका तो इसका कारण है कि थाने के अंदर जरूर कुछ ऐसा काम हो रहा था जो नहीं होना चाहिए।
वहीं घटना पर प्रतिक्रिया से अधिकारी घंटों बचते रहे। हालांकि बाद में एएसपी ने कहा कि जिला उपायुक्त थाने में गए थे। उन्होंने निरीक्षण कर बाकायदा पुलिस की प्रशंसा भी की।