राजोरी दौरे के दौरान उपायुक्त से बातचीत करतीं मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल।
राजोरी। मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल ने रविवार को जिला न्यायालय का दौरा किया। उन्होंने जिला और अधीनस्थ न्यायालयों के कामकाज की समीक्षा की। जिले में न्यायालयों की अवसंरचनात्मक आवश्यकताओं का जायजा लिया। जिला प्रधान और सत्र न्यायाधीश ने मुख्य न्यायाधीश को अदालतों के कामकाज और वकीलों, लिटिगेंट्स और कोर्ट कांप्लेक्स में उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित मुद्दों से अवगत कराया।
उन्होंने न्यायिक अधिकारियों के साथ भी बातचीत की और न्याय के सुचारु वितरण में उनके सामने आने वाले मुद्दों पर चर्चा की। मुख्य न्यायाधीश ने अदालतों के सुचारु कामकाज के लिए राजोरी में कोर्ट रूम, ई-कोर्ट रूम, ज्यूडिशियल स्टाफ रूम, लिटिगेंट्स, वकीलों के लिए उपलब्ध सुविधाओं और कोर्ट कॉम्प्लेक्स के बुनियादी ढांचे का भी निरीक्षण किया। जिला न्यायालय परिसर की जर्जर स्थिति और उपलब्ध अन्य सुविधाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने उपायुक्त मोहम्मद नजीर शेख को जल्द से जल्द आवश्यक मरम्मत कार्य करने के निर्देश दिए।
चीफ जस्टिस के साथ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल जवाद अहमद थे। उनके आगमन पर प्रधान न्यायाधीश का स्वागत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जाफर हुसैन बेग के साथ-साथ अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश कुसुम पंडिता ने किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ओपी ठाकुर, जिला न्यायिक मोबाइल मजिस्ट्रेट (टी), मयंक गुप्ता, एसएसपी चंदन कोहली और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लियाकत चौधरी भी उपस्थित थे।