ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अब्दुल हक्क खान मंगलवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान राजोरी पहुंचे। इस दौरान मंत्री ने राजोरी पुंछ में मनरेगा व पंचायती राज के कार्यों का जायजा लेने के मकसद से एक उच्च स्तरीय बैठक का आयोजन किया।
मंत्री ने बैठक में राजोरी पुंछ जिलों में ग्रामीण विकास योजनाओं के तहत पंजीकृत कामकाज और उपलब्धियों की समीक्षा की। बैठक में मंत्री ने अभिसरण योजना के तहत शुरू किए जाने वाले आवश्यक कामों के लिए अनुमानित मांग के आधार पर व्यापक योजना बनाने के लिए राजोरी पुंछ के उपायुक्तो को निर्देश दिए, ताकि लोग ग्रामीण विकास योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ प्राप्त कर सकें।
इसके साथ ही मंत्री ने दोनों जिलों में विकास कार्यों की गुणवत्ता मानक बनाए रखने पर बल देते हुए कहा कि आने वाले समय में वे स्वयं विभिन्न ब्लाकों का औचक दौरा कर विकास कार्यों का जायजा लिया करेंगे। जनता को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने पर बल देते हुए मंत्री ने जिले के सभी घरों में शौचालय बनवाने की बात कही।
वहीं मंत्री ने पॉलीथिन के प्रयोग पर पूरी तरह से प्रतिबंधित करने का निर्देश देते हुए कहा कि पॉलीथिन का प्रयोग करने वालों के चालान काटे जाएं। शहर के डाकबंगले में आयोजित इस बैठक में उपसभापति विधान परिषद जहांगीर हुसैन, पहाड़ी सलाहकार बोर्ड के वीसी कुलदीप राज गुप्ता, विधायक कमर चौधरी, रविंद्र रैणा, जावेद रैणा, एमएलसी विबोध गुप्ता, यशपाल शर्मा, डीसी राजोरी शब्बीर अहमद बट्ट, डीसी पुंछ हारुन मलिक, ग्रामीण विकास विभाग के डायरेक्टर एमएल रैणा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।