मंगलवार को जहां एक तरफ जिले के मैदानी इलाकों में तेज बारिश होने से तापमान में काफी गिरावट आने से ठंड में बढ़ोतरी महसूस की जा रही है तो वहीं दूसरी तरफ ऊंचे पहाड़ों पर एक बार फिर हल्की बर्फबारी के साथ-साथ ओले गिरने से लोगों की दिक्कतें बढ़ने लगी हैं।
सुबह करीब पांच बजे ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई थी। करीब दस बजे तक तेज बारिश होती रही और उसके बाद रुक रुक कर बारिश होने का सिलसिला जारी रहा, जिससे शहर में काफी ठंड महसूस की जा रही है। लोगों ने दिन में ही गर्म कपड़े, स्वेटर और जैकेट पहन कर खुद को ठंड से बचाने का प्रयास किया।
मौसम विभाग के प्राप्त जानकारी के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 18 डिग्री मापा गया है। इसके साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। उधर, जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और ओलावृष्टि से काफी अधिक ठंड का अहसास किया जा रहा है। जिले के ऊपरी इलाकों में तापमान दिनभर 15 डिग्री तक रहा।
बुद्धल, दरहाल, थन्नामंडी, कोटरंका, मंजाकोट आदि इलाकों के ऊंचे पहाड़ों पर बर्फ गिरने और ओलावृष्टि से वहां काफी ठंड महसूस की जा रही है। इन क्षेत्रों में लोगों को ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों के साथ-साथ आग का सहारा भी लेना पड़ रहा है।
पहाड़ी क्षेत्रों में अभी तक लोग बाढ़ और बारिश से हुई तबाही से बाहर भी नहीं निकले हैं कि बर्फबारी और ओलावृष्टि से लोगों की दिक्कतें और भी बढ़ गई हैं। विशेषकर बाढ़ से बेघर हुए लोगों के लिए टेंटों में भीषण ठंड में गुजारा करना संभव नहीं हो रहा है। पीर पंजाल की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई। मुगल रोड के भी कुछ हिस्सों पर बर्फबारी हुई है।