मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करते जीओसी
- फोटो : सेना
व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) ने काउंटर इंसर्जेंसी फोर्स (सीआईएफ) रोमियो के साथ मंगलवार को गंभीर मुगला क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने 'ऑपरेशन शेरुवाली' की प्रगति और जमीनी स्तर पर मौजूदा सुरक्षा स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।
सेना के अनुसार इस दौरे में जीओसी को ऑपरेशन की रणनीति, चल रही कार्रवाई और उसे सफल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। इसके साथ ही दुर्गम इलाकों में तैनात जवानों को दी जा रही लॉजिस्टिक सपोर्ट व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि जीओसी ने मौके पर तैनात सभी रैंक के जवानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी सैनिकों का मनोबल ऊंचा है और वे पूरी निष्ठा और दृढ़ संकल्प के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। सेना ने कहा कि 'व्हाइट नाइट कोर' पूरी तरह मिशन रेडी है और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार ऑपरेशनल उत्कृष्टता के साथ कार्य कर रही है। ऑपरेशन से जुड़े प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।