सरकारी राशन की भारी किल्लत से जूूझ रहे थन्नामंडी तहसील के पंगाई क्षेत्र के लोगों ने राज्य सरकार व सीएपीडी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर प्रदर्शनकारियों ने गठबंधन सरकार व सीएपीडी विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि मार्च और अप्रैल महीना खत्म होने के बाद अब मई महीना भी आधा बीत चुका है। अभी तक लोगों को पूरा सरकारी राशन नहीं मिला है।
सरपंच हाजी अब्दुल रशीद, हाकिम दीन, मंजूर लोन, नवाज अहमद आदि ने बताया कि सरकारी राशन न मिलने से उनके घरों में भूखे रहने की नौबत आ गई है।
इतना ही नहीं बीपीएल परिवारों को भी दो महीने का सरकारी राशन नहीं मिला है। पूरे गांव में लोग इतने गरीब हैं कि वह बाजार से महंगे दामों पर राशन खरीद कर नहीं ला सकते हैं।
इससे बच्चों को दो वक्त का खाना खिला पाना भी संभव नहीं रह गया है। उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश ने उनकी फसल को पूरी तरह से नष्ट कर दिया है।
अब सरकारी राशन न मिलने से उनकी दिक्कतें बढ़ती जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही राशन की समस्या को दूर नहीं किया गया तो उग्र प्रदर्शन करेंगे।