पिछले चार महीनाें से मिट्टी का तेल नहीं मिलने से गुस्साई शंकर नगर की महिलाओं ने बुधवार को मोहल्ले से गुजरने वाली मुख्य सड़क रोक कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया।
करीब आधे घंटे के भीतर डीएसपी हेडक्वार्टर दीपक ढीगरा ने मौके पर पहुंच कर प्रदर्शनकारी महिलाओं को दो दिन में मिट्टी का तेल उपलब्ध कराने का आश्वासन देकर सड़क खुलवाया। शंकर नगर में बड़ी संख्या में महिलाएं ऊषा कुमारी, सीता देवी, कीरत कौर, जाहिदा बेगम की अगुवाई में एकत्र हुई और सड़क रोक कर पिछले चार महीनों से मिट्टी का तेल नहीं मिलने के विरोध में नारेबाजी शुरू कर दी।
इस दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले चार महीने से उन्हें मिट्टी का तेल नहीं मिल पाया है, जबकि हर महीने प्रत्येक राशन कार्ड पर पांच लीटर मिट्टी का तेल दिए जाने का सरकारी आदेश है। ऐसे में अब सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है। हम लोगों को पानी गर्म करने और आग जलाने के लिए तेल चाहिए। जो मिलता ही नहीं है, जिसके कारण मजबूर होकर हमें सड़क पर उतरना पड़ा है।