छोटे मणि महेश मंदिर के रूप में विख्यात डोडा जिले के मरमत तहसील के राम रचना मंदिर में भगवान शिव की प्रतिमा क्षतिग्रस्त पाए जाने के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मंदिर कमेटी के लोगों की शिकायत पर यह कार्रवाई की है।
पुलिस की एक टीम को जांच के लिए भेजा गया है। मंदिर के आसपास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। राम रचना मंदिर डोडा शहर से 90 किलोमीटर दूर 12300 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। यह मंदिर छह महीने बर्फ से ढका रहता है। यहां शिव की मूर्ति कंक्रीट से बनी हुई है।
हर साल डोडा, उधमपुर, कठुआ और रामबन जिले से 20 से 25 हजार श्रद्धालु यहां दर्शन करने आते हैं। जुलाई से लेकर सितंबर के बीच यहां श्रद्धालुओं का आना जाना लगा रहता है। कुछ दिन पहले जब मंदिर के पुजारी और लोग पहुंचे तो मूर्ति को खंडित पाया गया।
- इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। एसएसपी डोडा अब्दुल क्यूम का कहना है कि चगोहा पुलिस पोस्ट पर शिकायत मिलने के बाद केस दर्ज कर लिया गया है।
ठंड के कारण भी हो सकती है क्षतिग्रस्त
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, ठंड के कारण मूर्ति क्षतिग्रस्त हुई हो सकती है। मूर्ति कंक्रीट से बनी है और खुले में है। मूर्ति शून्य से नीचे के तापमान पर बर्फ के नीचे रहती है। अप्रैल में क्लिक की गई एक तस्वीर में मूर्ति पर टूट-फूट के कुछ निशान भी दिख रहे हैं। जिला प्रशासन ने कहा है कि लोग शांति से आएं और यहां दर्शन करें। सोशल मीडिया पर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
सोमवार को कठुआ में हनुमान प्रतिमा से हुई थी तोड़फोड़
इसी सप्ताह 12 जुलाई को कठुआ जिले के महानपुर गांव में हनुमान प्रतिमा खंडित मिली थी, जिसके विरोध में धरना-प्रदर्शन चल रहा है। 8 अप्रैल को जम्मू के सिद्धड़ा के एक मंदिर में मूर्ति खंडित मिली थी। डोडा में 5 जून को वासुकी नाग मंदिर में भी ऐसा ही मामला सामने आ चुका है।