पुलिस ने बीजीएसबी विवि के छात्रों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएचओ राजोरी यशपाल सिंह जम्वाल ने बताया कि बुधवार को सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे छात्रों को शांत करवाने के हर संभव प्रयास के बाद भी छात्रों ने प्रदर्शन खत्म नहीं किया था।
इतना ही नहीं ड्यूटी कर रही पुलिस पर छात्रों ने पत्थर और खाली बोतलें भी फेंकी थी। छात्रों ने कानून को अपने हाथ में लेकर बवाल मचाया था। एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात करीब 40-50 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दिया है। एसएचओ के अनुसार, पुलिस के पास छात्रों द्वारा पथराव करने का वीडियो भी मौजूद है।
छात्रों की पहचान भी कर ली गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, वीरवार को पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से विवि रूट पर अधिक किराया वसूलने व ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान छेड़ते हुए करीब पांच वाहनों के चालान काटे और मौके पर जुर्माना भी वसूला।
गौरतलब है कि बुधवार को विवि के छात्रों ने विश्वविद्यालय मार्ग की खस्ताहाल सड़क और वाहनों में अधिक किराया वसूले जाने के खिलाफ विश्वविद्यालय मार्ग जाम कर प्रदर्शन किया था।