राजोरी। जिले के विभिन्न स्कूलों में काम कर रहे शिक्षकों ने रविवार को बैठक कर सरकार से ओल्ड पेंशन स्कीम को फिर से लागू करने की मांग की। टीचर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के बैनर तले इकट्ठे हुए शिक्षकों ने कहा कि उपराज्यपाल प्रशासन को तत्काल शिक्षकों की मांग को पूरा करते हुए ओल्ड पेंशन स्कीम को बहाल कर देना चाहिए। ताकि शिक्षकों को सड़कों पर आकर प्रदर्शन का सहारा न लेना पड़े।
उपराज्यपाल से मांग करते हुए कहा कि 2010 के बाद भर्ती हुए नो पेंशन स्कीम यानी एनपीएस के तहत कार्य कर रहे शिक्षकों को ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ मिलना चाहिए और रहबर-रे-तालीम के पद पर काम कर रहे शिक्षकों को तत्काल स्थायी कर देना चाहिए। इस अवसर पर ज्वाइंट एक्शन कमेटी के जिला प्रधान मंजूर अहमद खान और जम्मू-कश्मीर यूटी प्रवक्ता नरेश शर्मा ने बताया कि शिक्षकों ने निर्णय लिया है कि अपनी ओल्ड पेंशन स्कीम को बाहर कर उसका लाभ करने के लिए शिक्षक हर प्रकार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने अन्य विभागों में काम कर रहे न्यू पेंशन स्कीम के कर्मचारियों को भी अपील करते हुए कहा कि वह भी हमारे बैनर तले आ कर सरकार पर दबाव बनाये ताकि ओल्ड पेंशन स्कीम को फिर से लागू किया जाए और सब को इसका लाभ मिल सके। वहीं उन्होंने रहबर-ए-तालीम शिक्षकों के लिए भी पेंशन स्कीम का प्रावधान करने और आरईटी शिक्षकों के लिए जल्द ट्रांसफर पालिसी बनाने की अपील करते हुए कहा कि व शिक्षक भी अपना पूरा जीवन एक ही सरकारी स्कूल मे लगा देते है और इसलिए ट्रांसफर उन का अधिकार बनता है तो सरकार को चाहिए जल्द उनके लिए ट्रांसफर पॉलिसी बनायी जाये। कहा कि आरईटी के लिए ट्रांसफर पालिसी न होने से लड़कियों को विवाह के बाद उसी स्कूल मे कार्य करना कठिन हो जाता है।