राजोरी में अभिभावकों की स्क्रीनिंक करता सैनिक।
राजोरी। कोरोना के चलते बंद हुए स्कूल सोमवार को करीब 5 माह बाद केवल स्पेशल गाइडेंस के मकसद से खोले गए। मुख्य शिक्षा अधिकारी गुलजार अहमद के अनुसार जिले में हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों की संख्या 167 है। सोमवार को कोविड-19 के दौरान स्कूल खोलने पर 167 स्कूलों में से 155 स्कूलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। इनमें करीब 1540 बच्चों ने स्पेशल गाइडेंस के लिए स्कूलों में उपस्थिति दर्ज कराई।
सीईओ के अनुसार जिले के हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में करीब 31450 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, लेकिन पहले दिन मात्र 1540 बच्चे ही स्कूलों में हाजिर हुए। स्कूलों में बच्चों के साथ-साथ शिक्षकों को भी थर्मल स्कैनिंग से उनके शरीर के तापमान की जांच के बाद आने दिया गया। साथ-साथ सामाजिक दूरी का पूरा ध्यान रखा गया व मास्क पहनकर ही बच्चों को स्कूल में आने की अनुमति दी गई। सीईओ ने बताया कि आने वाले समय में भी माता-पिता चाहेंगे तो अपने बच्चों को मर्जी से स्कूल भेजेंगे और स्कूल में बच्चे शिक्षकों से विशेष रूप से गाइडेंस या फिर पढ़ाई में मदद प्राप्त कर सकते हैं।