-कॉलेज के मेन गेट के सामने राजोरी-धनौर सड़क को जाम कर 2 घंटे तक की नारेबाजी
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी । सरकारी पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) कॉलेज राजोरी के विद्यार्थियों ने वीरवार को जम्मू यूनिवर्सिटी (जेयू) से सम्बद्ध कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए पांचवें सेमेस्टर में प्रवेश पाने के लिए तय किए गए मानदंडों के खिलाफ प्रदर्शन किया। गुस्साए विद्यार्थियों ने कॉलेज के मेन गेट के सामने राजोरी-धनौर सड़क को जाम कर दिया।
छात्रों ने कहा कि चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों को पांचवें सेमेस्टर में प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से निर्धारित मानदंडों को पूरा करना कठिन है। क्योंकि, नई नीति के अनुसार, विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए पात्र होने के लिए पहले और दूसरे सेमेस्टर को पास करना होगा। तीसरे सेमेस्टर में कम से कम 50 प्रतिशत क्रेडिट हासिल करना होगा। चौथे सेमेस्टर के आंतरिक असाइनमेंट को पूरी तरह से पास करना भी जरूरी है। इतने कड़े नियमों से छात्रों के शैक्षणिक प्रदर्शन को प्रभावित किया है। निर्धारित आवश्यकताओं को पूरा करना चुनौतीपूर्ण हो गया है। छात्रों ने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया को समावेशी और निष्पक्ष बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को इन मानदंडों पर पुनर्विचार और संशोधन करना चाहिए। कहा, वर्तमान नीति न केवल अवास्तविक है, बल्कि अनुचित भी है। यदि राहत न दी गई तो बड़ी संख्या में छात्र शिक्षा जारी रखने से वंचित रह जाएंगे।
पुलिस के आश्वासन पर खत्म किया धरना
करीब दो घंटे के प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे एसएचओ आबिद बुखारी ने विद्यार्थियों कोे भरोसा दिलाया कि वो उनकी मांग को संबोधित अधिकारी तक पहुंचाएगे। इसके बाद उन्होंने चेतावनी के साथ प्रदर्शन समाप्त किया कि यदि मानदंडों को संशोधित नहीं किया गया, तो विद्यार्थी पैदल मार्च कर जम्मू जाएंगे और वहां जोरदार विरोध प्रदर्शन करेंगे।