दो हफ्ते पहले पुलिस थाने से फरार हुए प्रतिबंधित दवा तस्कर को पुलिस ने फिर दबोच लिया है। फरार मंजूर हुसैन निवासी धनोर को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। पुलिस ने उसके परिवार के सदस्यों समेत कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ की थी।
सोमवार को पता चला कि मंजूर हुसैन अपने गांव में ही किसी परिवार के सदस्य के घर में है। इसके बाद पुलिस ने मौके पर छापा मारा और दबोच लिया। एसएसपी के अनुसार 17 जनवरी को मंजूर हुसैन उस समय पुलिस थाने से फरार हो गया था, जब उसे रिमांड के लिए कोर्ट ले जाया जा रहा था।
थाने से पुलिस कस्टडी से तस्कर के भागने का कड़ा संज्ञान लेते हुए जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मोहम्मद फरीद सहित संतरी ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस कर्मियों फरीद अहमद और जाकिर को निलंबित करने के निर्देश जारी किए थे। इसके बाद उसे गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।