राजोरी। पेयजल किल्लत से जूझ रहे राजोरी के कलाल कस क्षेत्र के लोगों ने बुधवार को प्रदर्शन कर रोष प्रकट किया। सरपंच मोहम्मद फारुख की अगुवाई में प्रदर्शनकारियों ने जल शक्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि जल्द समस्या के समाधान किया जाए।
सरपंच ने बताया कि करीब 4 साल पहले क्षेत्र में बोरवेल खोदने का काम शुरू किया गया, लेकिन आधे में ही काम छोड़ दिया गया। बोरवेल का काम अधर में लटके होने के कारण गांव में आए दिन पेयजल किल्लत बनी रहती है। लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने उपराज्यपाल और उपायुक्त से गुहार लगाते हुए कहा कि वो अधिकारियों को बोरवेल का काम पूरा करने के निर्देश दें ताकि समस्या का समाधान हो सके।