सुंदरबनी। सुंदरबनी और आसपास के क्षेत्रों में दो सप्ताह बाद हुई मुसलाधार बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट से बुधवार को मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि दिन भर तपती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों को काफी परेशान कर रखा था, लेकिन शाम तकरीबन साढ़े चार बजे के करीब शुरू हुई बारिश ने तपती धूप के साथ लू के थपेड़ों से काफी राहत मिली है। कई दिन से क्षेत्र में पड़ रही उमस भरी गर्मी से तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बुधवार को जैसे ही मूसलाधार बारिश शुरू हुई तो किसानों के चेहरों पर रौनक लौट आई है। क्षेत्र में दो सप्ताह से बारिश नहीं होने के कारण मक्की तथा सब्जियों की फसलें जो सूखने के कगार पर पहुंच चुकी थीं उनमें जान लौट आई है और अगर बुधवार को भी बारिश नहीं होती तो दो चार दिन के बाद मक्की तथा सब्जियों की फसलें बिलकुल खत्म हो जाती, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो जाता। संवाद