शहर के विभिन्न स्कूलों और कालेजों में पढ़ाई के लिए आने वाले विद्यार्थियों को किराए में विशेष रूप से छूट होनी चाहिए। करीब 50 फीसदी छूट की मांग को लेकर शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला इकाई ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया और रोष रैली निकाली।
शहर के डाकबंगले के सामने काफी संख्या में अभाविप कार्यकर्ताओं ने सड़क के बीच बैठ कर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटा सड़क जाम कर प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने रोष रैली निकाली और गुज्जरमंडी चौक से होते हुए जवाहर नगर बाजार और फिर परिवहन विभाग के एआरटीओ कार्यालय का घेराव किया।
इस अवसर पर अभाविप के सह संयोजक माणचंद सिंह ने बताया कि राज्य के अन्य जिलों में विद्यार्थियों को यात्री वाहनों में यात्रा करने पर 50 फीसदी किराए में छूट दी जाती है, लेकिन राजोरी जिले में विद्यार्थियों को ऐसी कोई छूट नहीं है। जिले के बुद्धल, दरहाल, थन्नामंडी, मंजाकोट, नौशेरा आदि क्षेत्रों से भारी संख्या में छात्र पढ़ाई करने राजोरी के विभिन्न स्कूलों व कालेजों में आते हैं।
उन्हें पूरा किराया देना पड़ता है जो कि विद्यार्थियों की जेब पर एक प्रकार की सेंध लगाने का कार्य है। किराए में छूट विद्यार्थियों का अधिकार है और इसे हासिल करने के लिए अभाविप हर प्रकार की लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है।
राजोरी के एआरटीओ कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन करने के बाद मौके पर पहुंचे एसएचओ यशपाल सिंह जम्वाल ने अभाविप कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिलाते हुए कहा कि वह इस बारे में एआरटीओ से बात कर जल्द समस्या का समाधान करेंगे। एसएचओ के अश्वासन के बाद अभिावप ने इस चेतावनी के साथ प्रदर्शन समाप्त किया कि यदि सोमवार तक परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों को आधा किराया लेने के लिए निर्देश नहीं दिए गए तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।