उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके विधानसभा क्षेत्र में अंतिम पंचायत दौरा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों की प्रगति पर नियमित नजर रखें और जमीनी स्तर पर सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला स्तर के विभागाध्यक्षों (एचओडी) को विभिन्न पंचायतों में समय-समय पर औचक और नियमित दौरे करने को कहा, ताकि फील्ड कर्मचारियों के कामकाज और विकास गतिविधियों की वास्तविक स्थिति का पता चल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
लोगों ने जनता दरबार की पहल का स्वागत किया
स्थानीय लोगों ने उपमुख्यमंत्री के दौरे की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन की ओर से क्षेत्र में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना एक सकारात्मक पहल है। नडयाला टॉप पर आयोजित जनता दरबार में नौशेरा विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ डूंगी ब्लॉक के कुछ गांवों के लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
स्थानीय निवासियों ने कहा कि क्षेत्र में सड़क निर्माण, बिजली और अन्य विकास कार्यों में सुधार देखने को मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी का पीर पंजाल क्षेत्र पर ध्यान देने के लिए आभार जताया।
क्षेत्र में कई सड़कें बनीं लेकिन पानी की समस्या अब भी बरकरार
स्थानीय निवासी प्रिंस शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में पांच से छह सड़कें बनाई गई हैं, जिनमें कोटली से बलिमा, बलिमा से कोटली, अंद्रोड़, तराती और चकली-डेरियां वाली सड़क शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत पहले लंबित और खराब हालत में पड़ी कई सड़क परियोजनाओं को भी पूरा किया गया है।
उन्होंने क्षेत्र में पानी की कमी को प्रमुख समस्या बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है और जल जीवन मिशन के पूरा होने के बाद इस समस्या में सुधार की उम्मीद है। जनता दरबार के दौरान छावा, नडेला, बगला समेत अन्य इलाकों की जलापूर्ति योजना को 15 फरवरी तक नियमित करने की बात कही गई।
उपमुख्यमंत्री के दौरे से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने का मौका मिला। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि उठाए गए मुद्दों पर जल्द कार्रवाई होगी और क्षेत्र में विकास कार्यों को और गति मिलेगी।