पुंछ में प्रदर्शन करते गुजर बकरवाल स्टूडैंट यूनियन सदस्य
राजोरी। युवा कांग्रेस की राजोरी इकाई ने सोमवार को कश्मीर घाटी के कुलगाम निवासी दो भाइयों की संदिग्ध हालात में मौत को लेकर कड़ा रोष प्रकट किया।
ये पिछले महीने से लापता तीन लोगों में शामिल थे। कांग्रेस ने इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहम्मद रफीक, उपाध्यक्ष अवेस खान और महासचिव मुश्ताक जट्ट के साथ अन्य युवा कार्यकर्ताओं ने राजोरी में प्रदर्शन कर कड़ा रोष जताया। उन्होंने बताया कि गुज्जर बकरवाल समुदाय के शौकत अहमद बजाड़, उनके भाई रियाज अहमद बजाड़ और एक अन्य युवक मुख्तार अहमद 13 फरवरी को घाटी के अश्मुजी में एक रिश्तेदार के घर समारोह में शामिल होने के लिए जाते समय लापता हो गए थे। तीनों मजदूर थे। वे अपने गंतव्य तक नहीं पहुंचे। शौकत अहमद बजाड़ का शव रविवार को कुलगाम जिले के वैशोव नाले से बरामद किया गया था, जबकि उसके भाई का शव कुछ दिन पहले उसी स्थान से बरामद किया गया था। उन्होंने कहा कि दो भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से लोगों में दहशत है। अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए निष्पक्ष जांच की मांग बहुत जरूरी है। उन्होंने मौतों की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। कठुआ से भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं।