राजोेरी। डीसी अभिषेक शर्मा ने वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के तहत राजोेरी जिले से चुने गए आठ वाइब्रेंट विलेज की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान गांवों में सड़क और विद्युतीकरण पर जोर दिया गया।
डीसी कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में किला दरहाल, सेरी, डूंगी और पंजगाराई ब्लॉक में स्थित गांवों पर ध्यान केंद्रित किया गया। उन्होंने इन गांवों में बीएसएनएल नेटवर्क कनेक्टिविटी, सड़क, टेलीविजन और घरों के विद्युतीकरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में विस्तृत अंतर विश्लेषण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों-बीआरओ, पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई को इन चिन्हित गांवों में सड़क कनेक्टिविटी की नवीनतम स्थिति प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
डीसी ने अधिकारियों को अंतर विश्लेषण के आधार पर प्रत्येक गांव के लिए व्यापक ग्राम कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने विभागों को वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने, दूध प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना करने और इन क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन सहित पर्यटन की संभावनाओं की पहचान करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीण विकास, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बीएसएनएल, बीआरओ, पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई के प्रतिनिधि मौजूद थे।