राजोरी। मंजाकोट क्षेत्र में मंगलवार को बच्चों को घर छोड़कर वापस लौट रही स्कूल बस खेतों में जा गिरी। इसमें तीन छात्रों समेत चार लोग घायल हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गरीब नवाज एजुकेशन हाईस्कूल कलाली मंजाकोट की स्कूल बस छात्रों को छोड़कर वापस लौट रही थी। रास्ते में बस में किसी दूसरे स्कूल के तीन छात्र और एक अन्य बुजुर्ग व्यक्ति सवार हो गए। बस जैसे ही मंजाकोट के ग्लूति क्षेत्र में पहुंची तो चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क से नीचे खेतों में गिर गई, जिससे उसमें सवार तीन छात्र और एक अन्य घायल हो गए। बस में सवार तीन छात्र 19 वर्षीय मोहम्मद यूनिस पुत्र मुख़्तार अहमद, 18 वर्षीय सुलेमान खान पुत्र अब्दुल कयूम और 19 वर्षीय उजैन हमीद पुत्र अब्दुल हमीद को मामूली चोटें आई हैं। तीनों की हालत स्थिर है। बीएमओ मंजाकोट डॉ. सलीम अहमद भट्टी ने बताया कि बस में तीन बच्चों के साथ एक अन्य व्यक्ति 70 वर्षीय मोहम्मद दीन भी सवार था। मोहम्मद दीन को उपचार के लिए जीएमसी राजोरी रेफर किया गया है, जबकि घायल तीनों छात्रों की हालत स्थिर है। उधर पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात चालक की धरपकड़ के लिए अभियान छेड़ दिया गया है।