सुंदरबनी। खालसा पंथ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को सिख संगत द्वारा नगर कीर्तन किया गया। गुरुद्वारा सिंह सभा टांडा की तरफ से पंज प्यारों के नेतृत्व में नगर कीर्तन निकाला गया। सिख धर्म के दसवें गुरु गोविंद सिंह द्वारा 13 अप्रैल 1699 में अमृत संचार के बाद से खालसा पंथ की स्थापना होने के बाद ही 13 अप्रैल को खालसा पंथ का स्थापना दिवस मनाया जाता है। उसी दिन के उपलक्ष्य में रविवार को सुंदरबनी के गुरुद्वारा सिंह सभा टांडा की ओर से नगर कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें पंज प्यारों के नेतृत्व में ट्रैक्टर ट्रालियों पर विभिन्न प्रकार की झांकियों में गुरु ग्रंथ साहिब तथा रागी जत्थों के साथ गतका खेलते हुए नगर कीर्तन को सुंदरबनी नगर के गुरुद्वारे में पहुंचा। यहां से गुरु के लंगर के बाद नगर कीर्तन टांडा के लिए रवाना कर दिया गया। इस मौके पर सिख संगत के साथ-साथ अन्य धर्म के लोगों ने भी शामिल होकर सिख संगत का मान समान बढ़ाया। संवाद