राजोरी। होली को लेकर राजोेरी के मुख्य बाजार में भैरव देव की झांकी निकाली गई। इसको लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के काफी पुख्ता प्रबंध किए थे।
सनातन धर्म सभा के पास बने मंदिर से भैरव देव की झांकी शुरू हुई। ढोल की थाप पर भैरव देव का रूप धारण किए युवक ने पूरे क्षेत्र का भ्रमण किया और शाम को सात बजे के करीब वापस मंदिर में आकर भैरव देव की झांकी संपन्न हुई। राजोेरी में भैरव देव की झांकी इतनी प्रसिद्ध है कि दूर-दूर से लोग इसे देखने के लिए आते हैं। इस दौरान जो युवक राजोेरी से बाहर कोई कार्य करते हैं या फिर पढ़ाई के लिए बाहर गए होते हैं, वे भी छुट्टी लेकर अपने घर आ जाते हैं और भैरव देव की झांकी का आनंद लेते हैं। भैरव देव का चिपटा प्रसाद के तौर पर खाते हैं। इस पर्व को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहता है। लोग रंग गुलाल उड़ाकर इस उत्सव को जोरशोर से मनाते हैं। युवाओं में इस उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और भैरव से चिमटा खाने वालों की होड़ लगी रहती है।