जिला मजिस्ट्रेट द्वारा बीएसएनएल का ओएफसी तबाह करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश के दूसरे दिन ही कोटरंका प्रशासन ने कोटरंका रोड पर ओएफसी के काम को बंद करवा दिया है।
इस काम को बंद करवाने की वजह सड़क की तबाही होना बताया गया है। एसडीएम कोटरंका सुखपाल सिंह की तरफ से जारी हुए एक निर्देश के अनुसार गुड़गांव से ताल्लुक रखने वाली एक प्राइवेट कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि वह तत्काल कोटरंका से लेकर लूनी दरमन तक ओएफसी डालने का काम बंद कर दे।
निर्देश में बताया गया है कि उच्च अधिकारियों की तरफ से निर्देश मिलने और सड़क की तबाही की वजह से आम जनता को पेश आने वाली दिक्कतों के चलते यह कदम उठाया गया है। संबंधित कंपनी को निर्देश दिए गए हैं कि यदि जल्द ही उसने ओएफसी डालने का काम बंद नहीं किया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिला मजिस्ट्रेट ने बीएसएनएल की सेवा बार-बार ठप होने का कड़ा संज्ञान लेते हुए एसएसपी राजोरी को बीएसएनएल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए थे। जिला मजिस्ट्रेट ने पुलिस को लिखा था कि ओएफसी काटने वालों को पता लगाकर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाए।