बेरोजगारी किस कदर इंसान के दिलो-दिमाग पर हावी हो जाती है इसकी एक बानगी शहर के थन्नामंडी में देखने को मिली। जहां दो युवकों ने बेरोजगारी से तंग आकर जहर खा लिया। पहले युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे युवक का इलाज जारी है।
थन्नामंडी तहसील के दोदासन बाला निवासी जुल्फिकार अली (26) पुत्र बाग हुसैन ने रविवार की सुबह अपने घर में ही जहरीले पदार्थ को निगल लिया। बेहोशी की हालत में उसे सरकारी अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया लेकिन प्राथमिक उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। जिला
अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। मृतक के परिजनों के अनुसार पुलिस भर्ती परीक्षा में उत्तीर्ण न होने के कारण वह काफी परेशान था, रात के वक्त न ही उसने कुछ खाया न ही किसी से बात की। सुबह जब घर वाले उसके कमरे में गए तो वो वह जहर खा चुका था।
वहीं दूसरी तरफ थन्नामंडी के शाहदरा शरीफ निवासी युवक कमर सज्जाद, पुत्र मो. असलम ने भी पुलिस सूची में नाम न आने पर जहर निगल लिया। बेहोशी की हालत में उसे अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज कर रहे डाक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है, फिलाहल वह खतरे से बाहर है।
सज्जाद के परिजनों ने भी उसकी आत्महत्या की कोशिश के पीछे बेरोजगारी को ही कारण बताया है। पुलिस ने दोनों मामलाें का संज्ञान में लेते हुए मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।