शहर के पठानमोड़ा क्षेत्र में एक माह से पेयजल की आपूर्ति ठप है। पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे लोगों ने रविवार को पीएचई विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर कड़ा रोष व्यक्त किया। वहीं जल्द सप्लाई बहाल नहीं हुई तो लोगों ने एक्सईएन दफ्तर का घेराव करने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी की तथा जल्द से जल्द जलापूर्ति को सुचारू बनाने की गुहार लगाई। लोगों ने विभाग पर सुस्त कार्यप्रणाली का आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक महीने से पीएचई की ओर से पेयजल आपूर्ति नहीं हुई।
इस मौके पर स्थानीय निवासी राज कुमार, शाम लाल, रशीद अहमद , मोहम्मद रफीक आदि ने बताया कि पिछले एक माह से कई बार विभाग के एक्सईएन कार्यालय जाकर जलापूर्ति सुचारू बनाने की गुहार लगाई गई। लेकिन कभी एक्सईएन कार्यालय में मिले ही नहीं तो कभी उन्होंने आश्वासन दिला कर वापस भेज दिया।
बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब विभाग की नींद नहीं खुली तो मजबूर होकर लोगों को प्रदर्शन करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते पीएचई सप्लाई ठप होने से उन्हें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घरों के शौचालय तक पानी नहीं है।
प्राकृतिक संसाधनों से पानी लेने से बहुत समय नष्ट होता है। प्रदर्शनकारियों ने पीएचई विभाग व जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दो दिन में सप्लाई बहाल नहीं की गई तो लोग एक्सईएन कार्यालय का घेराव करेंगे।