पुलिस के सिविक एक्शन कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पुलिस के तत्वावधान में रविवार को कुश्ती प्रतियोगिता संपन्न हुई। जिले के कोटरंका क्षेत्र में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में जम्मू, रियासी, राजोरी व अन्य जिलों से करीब 50 पहलवानों ने भाग लिया। अठारह वर्ष आयुवर्ग के काला खान ने पहली माली जीतने में सफलता हासिल की।
8, 15 और 18 आयु वर्ग की कुश्ती स्पर्धा को देखने के लिए क्षेत्रवासी उत्साह के साथ पहुंचे और पहलवानों की हौसलाअफजाई की। इस स्पर्धा में पहला स्थान जिले के खवास क्षेत्र के काला खान ने जम्मू के मरधान अली को हराकर हासिल किया।
उधर, जम्मू के अनवर चौधरी ने रियासी के दलबीर सिंह को मात देकर दूसरे स्थान पर अपना नाम दर्ज किया। वहीं तीसरे स्थान की कुश्ती में रियासी के गु़ड़्डू पहलवान ने जम्मू के सदीक चौधरी को हरा कर अपना नाम किया।
प्रथम स्थान के लिए 5000 रुपये, दूसरे स्थान के लिए 4000 रुपये और तीसरे स्थान के लिए 3000 रुपये नकद राशि के साथ विजेताओं को सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेताओं के लिए क्रमश: 4000 रुपये, 3000 और 2000 रुपये नकद राशि भेंट की गई।
जबकि 8 और 15 वर्ष आयु वर्ग के पहलवानों को भी नकद राशि व कपड़ों से सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित एसएसपी राजोरी डा. हसीब मुगल ने खेलकूद की महत्ता पर रोशनी डाली। उन्होंने कहा कि खेल से युवाओं का पूर्ण विकास होता है।