राजोरी। जिले की थन्नामंडी तहसील के बटेली गांव में मंगलवार को घर के आंगन में खेलते समय खाई में गिरने से 11 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मोहम्मद जबीर पुत्र मोहम्मद इकबाल दोपहर बाद स्कूल से वापस आकर अपने घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते समय उसका पैर फिसला, जिससे वह घर के आगे 100 फुट गहरी खाई में जा गिरा। गंभीर हालत में उसे थन्नामंडी के सरकारी अस्पताल में लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत लाया करार दे दिया। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया है। ब्यूरो